हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में इस बार बढ़ती गर्मी ने पर्यटकों को भी हैरान कर दिया है। गुजरात और महाराष्ट्र से आए सैलानियों का कहना है कि वे भीषण गर्मी से राहत पाने और ठंडे मौसम का आनंद लेने शिमला पहुंचे थे, लेकिन यहां भी अब गर्मी काफी महसूस हो रही है। पर्यटकों के मुताबिक दिन में तेज धूप के कारण घूमना मुश्किल हो रहा है और राहत के लिए छांव का सहारा लेना पड़ रहा है। महाराष्ट्र से आए पर्यटक ईश्वर पांडे ने बताया कि पहले सोलन से शिमला की ओर बढ़ते ही ठंडी हवाएं महसूस होने लगती थीं और गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ती थी, लेकिन अब मौसम पूरी तरह बदल चुका है। वहीं गुजरात से आए जिग्नेश ने कहा कि पहाड़ों में अब भी मैदानी इलाकों से कुछ राहत जरूर मिलती है, लेकिन पहले जैसा ठंडा और सुहावना मौसम नहीं रहा। स्थानीय लोगों ने भी बढ़ती गर्मी पर चिंता जताई है। स्थानीय निवासी अरुणा शर्मा का कहना है कि उन्होंने पिछले 12 वर्षों में पहली बार शिमला में इतनी गर्मी महसूस की है। दूसरी ओर मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कई इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम को लेकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह तापमान बढ़ता रहा तो हिमाचल प्रदेश की पहचान रहे ठंडे और सुहावने मौसम पर भी असर पड़ सकता है।
#Shimla #HimachalPradesh #HeatWave #ShimlaWeather #WeatherUpdate #SummerHeat #Tourists #Tourism #HimachalWeather #ClimateChange