असम की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है… और इसकी वजह बने हैं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा। दरअसल, इनके एक बयान ने सियासी और कानूनी विवाद को हवा दे दी है, जो अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। मामला तब शुरू हुआ जब पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान सरमा पर गंभीर आरोप लगा दिया। खेड़ा ने दावा किया कि हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के पास एक नहीं, बल्कि तीन देशों के पासपोर्ट हैं। साथ ही विदेशों में संपत्ति और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के भी आरोप लगाए गए। खेड़ा ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाने की भी मांग की। वहीं इन आरोपों के बाद विवाद और गहरा गया। मुख्यमंत्री की पत्नी ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा और निराधार बताते हुए सोमवार को एफआईआर दर्ज करवा दिया। इसके बाद असम पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आज दिल्ली स्थित पवन खेड़ा के आवास पर पहुंच गई। हालांकि, जब पुलिस टीम वहां पहुंची, तो पवन खेड़ा घर पर मौजूद नहीं मिले। पुलिस अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि वे उनसे पूछताछ करना चाहते थे, लेकिन फिलहाल उनका कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द ही ट्रेस कर लिया जाएगा।
#PawanKhera #AssamPolitics #HimantaBiswaSarma #PoliticalControversy #FIRUpdate #IndianPolitics #AssamPolice