छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने एक बार फिर अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने अफीम पोस्ट डोडा की तस्करी करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1432 किलो अफीम पोस्ट डोडा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। जानकारी के मुताबिक, एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था। पुलिस ने NH-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहन को रोका और जांच के दौरान उसमें बैठे दो व्यक्तियों हरविंदर सिंह और सत्यवान वाल्मीकि को गिरफ्तार किया, जो हरियाणा के करनाल के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह नशीला पदार्थ झारखंड के गुमला से रायपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने मौके से नशीले पदार्थ के साथ-साथ लगभग 10 लाख रुपये कीमत की पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18 (ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है। मामले की आगे जांच जारी है।
#Mahasamund #Chhattisgarh #DrugBust #OpiumSeized #BreakingNews #PoliceAction #Narcotics #NDPSAct #ViralNews #DrugTrafficking #NH53 #LatestNews #Bharat