शिंकुला में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, लाहौल बना गर्मी से राहत का ठिकाना | Shinkula Pass | HP

Updated: May 2, 2026 4:04 PM

मैदानी इलाकों में लगातार बढ़ते तापमान के बीच अब सैलानियों का रुख हिमाचल के जनजातीय जिला लाहौल घाटी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। खासतौर पर शिंकुला दर्रा और इसके आसपास के बर्फीले इलाकों में इन दिनों हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं और बर्फ का आनंद ले रहे हैं। सैलानियों का कहना है कि भीड़-भाड़ और प्रदूषण से दूर, यहां की शुद्ध हवा, चारों ओर फैले ग्लेशियर और ऊंचे-ऊंचे बर्फ से ढके पहाड़ एक अलग ही सुकून का एहसास कराते हैं। कई पर्यटकों ने कहा कि यहां आकर ऐसा महसूस होता है मानो देश के भीतर ही कोई अलग ही दुनिया हो। उन्होंने अन्य लोगों से भी अपील की कि वे इस अनोखी और खूबसूरत घाटी का दीदार जरूर करें। यातायात की बात करें तो दारचा से जंस्कर सुमदो तक, जो कि करीब 18 किलोमीटर का मार्ग है, सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया गया है। हालांकि, इसके आगे शिंकुला टॉप की ओर फिलहाल केवल फोर बाय फोर वाहनों को ही जाने की अनुमति दी गई है, जिससे सुरक्षा और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखा जा सके। स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी लगातार सैलानियों से सावधानी बरतने और जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील कर रहे हैं, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे। कुल मिलाकर, लाहौल की बर्फीली वादियां इन दिनों गर्मी से राहत पाने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं हैं।

#LahaulSpiti #LahaulValley #ShinkulaPass #HimachalPradesh #TourismIndia #TravelIndia #SnowMountains #HillStation