महाराष्ट्र के भिवंडी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति रिलायंस के मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। हाथ में तिरंगा लिए टावर पर बैठे इस व्यक्ति ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे से सीधे बातचीत की मांग की। जानकारी के मुताबिक यह घटना भिवंडी शहर के कोंगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के पिंपलगांव इलाके की है, जहां यवतमाल निवासी श्याम गायकवाड़ मोबाइल टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि उसका घर और जमीन को लेकर स्थानीय सरपंच के साथ विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया। श्याम गायकवाड़ का कहना है कि जब तक राज्य के मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम उसकी बात नहीं सुनेंगे, तब तक वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कोंगांव के उपसरपंच सुनील म्हात्रे और KDMC फायर विभाग के अधिकारी रामचंद्र दाऊडू माला ने भी मामले की जानकारी दी। वहीं भिवंडी जोन-2 के डीसीपी शशिकांत बोराडे ने बताया कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और व्यक्ति को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश जारी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है, जबकि घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
#Bhiwandi #BhiwandiNews #MobileTower #HighVoltageDrama #Maharashtra #DevendraFadnavis #EknathShinde #TrendingNews