मध्य प्रदेश के बीना में एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। ब्लड कैंसर से पीड़ित तीन साल के बच्चे की कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद मौत हो गई। आरोप है कि बच्चे को दवा की जगह फॉर्मेलिन दे दिया गया। इस मामले में पुलिस ने AIIMS भोपाल के दो नर्सिंग अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। बच्चे के पिता सिद्धांत यादव ने बताया कि पिछले तीन महीनों से उनके बेटे का इलाज AIIMS भोपाल में चल रहा था। उन्होंने कहा कि कमरे में बोन मैरो बायोप्सी से जुड़ा सामान और सुइयां रखी हुई थीं। जब उन्होंने नर्स से पूछा कि ये सामान यहां क्यों रखा है, तो नर्स ने कहा कि इसे सुरक्षित रखने के लिए रखा गया है और सुबह टेस्ट किया जाएगा। सिद्धांत यादव के मुताबिक, अगले दिन सुबह रूटीन चेकअप के दौरान नर्सें बच्चे का BP लेने आईं। उन्होंने देखा कि दवा की बोतल खाली रखी हुई थी और दवा अंदर नहीं जा रही थी। जब उन्होंने इस बारे में नर्स को बताया तो नर्स ने कहा कि वह “फ्लश” लाकर ठीक कर देगी। पिता का आरोप है कि नर्स बिना सही जांच के इधर-उधर कुछ ढूंढने लगी और कहती रही कि फ्लश वहीं रखा है और उसे पता है। इसके बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई।
#AIIMSBhopal #Bhopal #MedicalNegligence #AIIMS #FormalinInjection #BreakingNews #BhopalNews #Healthcare